देश दुनिया

‘उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन ही लड़ेगा चुनाव…’ कांग्रेस से कैसे तय होगा सीटों का बंटवारा, अखिलेश यादव ने कर दिया खुलासा

खबर को शेयर करें

UP Eleciton 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. भले ही चुनावों के लिए अभी एक साल से ज्‍यादा का समय बचा है. लेकिन तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर बड़ा बयान दिया है.

हरियाणा के रेवाड़ी पहुंचे अखिलेश यादव से जब पत्रकारों ने पूछा कि यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा किस आधार पर होगा, तो उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए सीटों की संख्या अहम नहीं है, बल्कि जीतने की क्षमता सबसे बड़ा पैमाना है. जो उम्मीदवार जहां मजबूत होगा, उसे मौका दिया जाएगा.

इंडिया गठबंधन रहेगा कायम

अखिलेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन कायम रहेगा और कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़ेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे. मतलब साफ है कि लोकसभा चुनाव की तरह ही यूपी का विधानसभा चुनाव कांग्रेस और सपा एक साथ मिलकर लड़ेगी.

सपा की बनेगी यूपी में सरकार- अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के चुनाव के बाद उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में वापसी करेगी. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राज्यों में जनता बदलाव चाहती है. अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस की तरफ से भी यूपी चुनाव को लेकर तैयारियां तेज दिखाई दे रही हैं.

पार्टी नेताओं ने संकेत दिए हैं कि संगठन 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहा है. वहीं, चर्चा है कि लोकसभा चुनाव में जिन क्षेत्रों में विपक्ष को बढ़त मिली थी, उन सीटों पर सहयोगी दल अपना दावा पेश कर सकते हैं. ऐसे में देखना होगा कि अख‍िलेश कांग्रेस के साथ अपना तालमेल कैसे ब‍िठाते हैं.

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button