CHHATTISGARH

दो साल पुराने चोरी मामले में फरार महिला गिरफ्तार, झाड़-फूंक के बहाने की थी नकबजनी

खबर को शेयर करें

छत्तीसगढ़ : के बिलासपुर जिले में Bilaspur Theft Case के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो साल पुराने नकबजनी के मामले में फरार चल रही आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की पत्नी झुनिया बाई उर्फ शांति को मुखबिर की सूचना के आधार पर बनियाडीह क्षेत्र से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार यह घटना 8 दिसंबर 2023 की है। ग्राम कुकदा की निवासी मनीषा कांनगो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उस रात उनके माता-पिता अनिल कांनगो और गोंदा बाई कांनगो के घर झाड़-फूंक के बहाने जनक राम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों ने घर में रखी पेटी से करीब 50 हजार रुपये नकद, चांदी के पायल, सोने-चांदी के गहने और अंगूठियां चोरी कर ली थीं। चोरी की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई थी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी दंपति ने झाड़-फूंक के नाम पर नींबू लगाने के बहाने घर के सदस्यों को बाहर भेज दिया और इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया। बाद में दोनों मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि इस Bilaspur Theft Case में मुख्य आरोपी जनक राम सौंरा की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वहीं उसकी पत्नी झुनिया बाई पिछले दो साल से फरार थी और लगातार अपना ठिकाना बदलती रही।

हाल ही में मुखबिर से सूचना मिली कि झुनिया बाई बनियाडीह क्षेत्र में दो महिलाओं के साथ घूम रही है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने पहले अपनी पहचान छुपाने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button