देश दुनिया

T20 World Cup 2026: आज होगा क्रिकेट का महामुकाबला! भारत-न्यूजीलैंड फाइनल में आमने-सामने, इतिहास रचने का मौका

खबर को शेयर करें

अहमदाबाद। T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। इस मैच में भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने और तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका है, वहीं न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

अहमदाबाद का यह वही मैदान है, जहां 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर करोड़ों भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया था। उस दिन करीब 93 हजार दर्शकों से भरा स्टेडियम भी खामोश हो गया था। हालांकि भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर उस दर्द को कुछ हद तक कम किया था। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है। अगर भारत यह फाइनल जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन जाएगी। भारत इससे पहले 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है।

हालांकि न्यूजीलैंड को हल्के में लेना भारत के लिए आसान नहीं होगा। कीवी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम के पास फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और कप्तान मिचेल सेंटनर जैसे खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।

इसे भी पढ़े...  Gold Silver Price Today: आज कितने में मिलेगा सोना-चांदी, गहने बनवाने वालों के लिए जरूरी खबर

भारत के लिए इस मुकाबले में सबसे बड़ा हथियार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं। उनकी सटीक और किफायती गेंदबाजी फाइनल का परिणाम तय कर सकती है। सेमीफाइनल में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

वहीं बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा की फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वह शानदार फॉर्म में थे, लेकिन वर्ल्ड कप के मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। अगर उन्हें फाइनल में मौका मिलता है तो न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर कोल मैककॉन्ची उनके खिलाफ जल्दी गेंदबाजी कर सकते हैं।

स्पिन विभाग में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हाल के मैचों में ज्यादा प्रभावी नहीं दिखे हैं और बल्लेबाज उनकी मिस्ट्री स्पिन को बेहतर तरीके से पढ़ने लगे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है।

अब सभी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत इतिहास रचने की कोशिश करेगा और न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना लेकर मैदान में उतरेगा।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button