रायपुर संभाग

कवर्धा को मिली नई पहचान, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘मित्र मिलन चौपाटी’ का लोकार्पण

खबर को शेयर करें

 कवर्धा :  शहरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहर के प्रमुख इलाके में नवनिर्मित ‘मित्र मिलन चौपाटी’ का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह चौपाटी अब शहर के लोगों के लिए नया आकर्षण केंद्र बनने जा रही है। यहां लोगों को अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, वहीं परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए भी यह खास जगह साबित होगी।चौपाटी परिसर को आकर्षक रंग-रोगन, आधुनिक सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया है। इसके अलावा सुव्यवस्थित पार्किंग, शुद्ध पेयजल और सर्वसुविधायुक्त शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है।

फुटकर व्यापारियों को मिला सुरक्षित और स्थायी ठिकाना

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस पहल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जो छोटे व्यवसायी पहले सड़क किनारे और चौक-चौराहों पर असुरक्षित माहौल में गुमटी लगाकर व्यापार करने को मजबूर थे, उन्हें अब स्थायी और सुरक्षित जगह मिल गई है।उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ छोटे व्यापारियों का रोजगार सुरक्षित होगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। चौपाटी स्थानीय स्वरोजगार को बढ़ावा देने का भी बड़ा माध्यम बनेगी।

कवर्धा में तेजी से बदल रही विकास की तस्वीर

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा शहर आधुनिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शहर में चल रहे कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।उन्होंने बताया कि वीर स्तंभ चौक और शिवाजी चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं भोरमदेव कॉरिडोर और मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। भोजली तालाब पाथवे चौड़ीकरण, हनुमंत वाटिका निर्माण और ठाकुरदेव चौक से बस स्टैंड तक पहुंच मार्ग का काम भी प्रगति पर है।उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।

10 करोड़ की लागत से बन रहा गौरव पथ

शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बाईपास को जोड़ने वाला गौरव पथ भी तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है।इसके अलावा नालंदा लाइब्रेरी, शिव वाटिका, बूढ़ा महादेव परिसर उन्नयन, विशाल डोम निर्माण और पुराने अस्पताल परिसर के जीर्णोद्धार का कार्य भी जारी है। बुजुर्गों के लिए जल्द ही सियान सदन का निर्माण किया जाएगा।

शिक्षा और स्वच्छता पर भी सरकार का फोकस

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए भोरमदेव विद्यापीठ में पीएससी और व्यापम की निशुल्क कोचिंग शुरू की गई है। साथ ही जिले के 50 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत भी हो चुकी है।उन्होंने नगर पालिका के सामने एक और नई चौपाटी शुरू करने की घोषणा करते हुए शहर को धूल मुक्त और स्वच्छ बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

चौपाटी से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धावासियों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म हो गया है। चौपाटी बनने से फुटकर व्यापारियों को राहत मिलेगी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी पहले से ज्यादा व्यवस्थित होगी।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button