CHHATTISGARHरायपुर संभाग

तेंदूपत्ता सामाजिक सुरक्षा योजना का असर: जशपुर के पीड़ित परिवार को मिली 2 लाख की राहत

खबर को शेयर करें

 रायपुर (छत्तीसगढ़) :  राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। तेंदूपत्ता सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत जशपुर जिले के एक पीड़ित परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है, जिससे कठिन समय में परिवार को बड़ी राहत मिली है।

नदी में हादसे के बाद हुई मौत, परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम फरदबहार निवासी स्वर्गीय विनोद साय की नदी में नहाते समय पैर फिसलने से गंभीर चोट लग गई थी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया था।

मृतक की पत्नी चिरंजीवी पैंकरा ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर तेंदूपत्ता सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सहायता की मांग की थी। प्रारंभ में प्रक्रिया लंबित होने के कारण लाभ नहीं मिल पा रहा था।

सीएम कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से मिली राहत
मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद प्रशासनिक प्रक्रिया को तेज किया गया और अंततः परिवार को 2 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई।

परिजनों ने जताया आभार, सरकार की संवेदनशीलता की सराहना
सहायता राशि मिलने के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुश्किल घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए समय पर मदद पहुंचाई, जिससे परिवार को राहत मिली है।

बगिया सीएम कैंप कार्यालय बन रहा जनविश्वास का केंद्र
बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय अब क्षेत्र के लोगों के लिए उम्मीद का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं और उनका त्वरित समाधान हो रहा है।

स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, सड़क, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में तेज कार्रवाई के कारण लोगों का भरोसा शासन-प्रशासन पर लगातार मजबूत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता, बल्कि कैंप कार्यालय के माध्यम से समय पर राहत मिल रही है।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button