CHHATTISGARH

10 फरवरी को 190 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह

खबर को शेयर करें

रायगढ़ : में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 10 फरवरी को एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से चयनित कुल 190 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत करेंगे।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी एल.आर. कच्छप ने सभी परियोजना अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

इस वर्ष रायगढ़ जिले को 300 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला था। इनमें से 110 जोड़ों का विवाह पहले ही कराया जा चुका है। अब 10 फरवरी को 190 जोड़ों के विवाह के साथ यह लक्ष्य पूरा हो जाएगा। समारोह के लिए स्टेडियम में आकर्षक विवाह मंडप तैयार किया जा रहा है और मेहमानों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक नववधु को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें 35 हजार रुपये सीधे चेक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से प्रदान किए जाते हैं, जबकि 15 हजार रुपये विवाह आयोजन, परिधान और श्रृंगार सामग्री पर खर्च होते हैं। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलता है जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं या मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र हैं।

इस योजना का उद्देश्य फिजूलखर्ची पर रोक, बाल विवाह की रोकथाम और बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित करना है। 10 फरवरी को होने वाला यह समारोह न केवल 190 परिवारों के लिए खुशी का अवसर होगा, बल्कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामाजिक महत्व को भी मजबूती से दर्शाएगा।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button