CHHATTISGARHरायपुर संभाग

रायपुर : सुशासन तिहार 2026 : खलीबा क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

खबर को शेयर करें

आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश, 51 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत सरगुजा जिले के अंबिकापुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत खलीबा क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत आने वाली 28 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। विधायक श्री मिंज ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए।

विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ शासन का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी मांगें और समस्याएं खुलकर रखने का आग्रह करते हुए कहा कि शासन हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर में कुल 905 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही

‘सुशासन तिहार-2026’ अंतर्गत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 51 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में मनरेगा जॉब कार्ड, नवीन पेंशन स्वीकृति आदेश, नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना संबंधी पत्रकों का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छता वीर सम्मान पत्र भी प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button