देश दुनिया

पेट्रोल-डीजल बचाने से लेकर सोना नहीं खरीदने तक, पीएम मोदी ने देशवासियों से की बड़ी अपील

खबर को शेयर करें

 वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और जरूरत न होने पर सोने की खरीद टालने की अपील की है। गुजरात के वडोदरा में संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में हर नागरिक की जिम्मेदारी बढ़ जाती है और देशहित में छोटे-छोटे संकल्प लेने की जरूरत है।24 घंटे के भीतर यह दूसरी बार है जब प्रधानमंत्री ने ईंधन बचत और गोल्ड खरीद को लेकर लोगों से अपील की है।

पश्चिम एशिया का युद्ध बताया दशक का सबसे बड़ा संकट

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया पिछले कुछ वर्षों से लगातार अस्थिर हालात का सामना कर रही है। पहले कोरोना महामारी आई, फिर वैश्विक आर्थिक संकट और अब पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है।उन्होंने कहा कि अगर कोरोना इस सदी का सबसे बड़ा संकट था, तो पश्चिम एशिया में चल रहा तनाव इस दशक की सबसे गंभीर चुनौती बन चुका है। इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन पर पड़ रहा है।

भारत पर दोहरा दबाव, हर नागरिक से सहयोग की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि भारत कई जरूरी वस्तुओं के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च करता है। खासकर कच्चा तेल देश के सबसे बड़े आयातों में शामिल है।उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से दुनिया में सबसे ज्यादा तेल सप्लाई होता है, वही इलाका इस समय युद्ध और संकट से जूझ रहा है। ऐसे में देश पर दोहरा दबाव बन गया है।प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जैसे बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, वैसे ही छोटे-छोटे प्रयास देश को बड़े संकट से बचा सकते हैं।

मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और कार पूलिंग अपनाने की सलाह

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना चाहिए।उन्होंने कार मालिकों से भी कहा कि एक गाड़ी में ज्यादा लोगों को साथ लेकर चलें ताकि ईंधन की बचत हो सके। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों से दूसरों की मदद के लिए आगे आने की बात भी कही।

वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन पढ़ाई पर दिया जोर

संभावित आर्थिक दबाव और संसाधनों की बचत को देखते हुए पीएम मोदी ने डिजिटल टेक्नॉलजी के इस्तेमाल को बढ़ाने की जरूरत बताई।उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

सोना खरीदने से बचने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का बड़ा पैसा सोने के आयात पर भी खर्च होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक सोने की खरीद टालनी चाहिए।उन्होंने कहा कि फिलहाल गोल्ड खरीदना जरूरी नहीं है और देशहित में लोग इस दिशा में सहयोग करें।

लोकल फॉर वोकल को फिर बनाया बड़ा मुद्दा

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने एक बार फिर लोकल फॉर वोकल अभियान को जन आंदोलन बनाने की बात कही। उन्होंने लोगों से विदेशी उत्पादों की बजाय देश में बने सामान खरीदने की अपील की।प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर लोग अपने गांव, शहर और देश में बने उत्पादों को अपनाएंगे तो इससे भारतीय उद्यमियों और देश की अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button