CHHATTISGARH

रायगढ़ में हाथियों का हमला, धान खरीदी केंद्र में भारी नुकसान

खबर को शेयर करें

रायगढ़ : हाथी उत्पात ने एक बार फिर किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जिला मुख्यालय से करीब 12 किमी दूर बंगुरसिया गांव के धान खरीदी केंद्र में बीती रात तीन जंगली हाथी घुस आए। हाथियों ने वहां रखी 10 से अधिक धान की बोरियां खाकर और बिखेरकर नष्ट कर दीं। पास के खेत में लगी सब्जी फसल भी रौंद दी गई, जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान हुआ।

17 दिसंबर से जारी है नुकसान

ग्रामीणों के अनुसार, 17 दिसंबर से अब तक कई बार हाथी केंद्र में घुस चुके हैं। इस दौरान 327 से अधिक बोरियों को नुकसान पहुंचा है। हर साल धान खरीदी सत्र में यह समस्या दोहराई जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि धान की गंध से हाथी आकर्षित होते हैं और रात में केंद्र तक पहुंच जाते हैं।

वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्राथमिक आंकलन शुरू कर दिया है और मुआवजे की प्रक्रिया का आश्वासन दिया है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और तुरंत सूचना देने की अपील की है।

जिले में 113 हाथियों की मौजूदगी

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों रायगढ़ जिले के जंगलों में 113 जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। रायगढ़ वन मंडल में 52 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 62 हाथी बताए गए हैं। दल में 26 नर, 57 मादा और 30 शावक शामिल हैं।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button