मध्यप्रदेश

बकरीद की रौनक, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़

खबर को शेयर करें

 मध्य प्रदेश : राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में आज बकरीद का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग अपने घरों से निकलकर ईदगाहों और मस्जिदों की ओर पहुंचे, जहां सामूहिक नमाज अदा की गई। ईदगाह में सुबह 6:30 बजे और जामा मस्जिद में 6:45 बजे बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़कर देश में अमन और खुशहाली की दुआ मांगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पैनी नजर

त्योहार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाया जाए और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील, वक्फ बोर्ड की खास हिदायतें

वक्फ बोर्ड ने भी मुस्लिम समाज से अपील की है कि बकरीद का पर्व भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए और सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। इसके साथ ही कुर्बानी के दौरान साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

सबसे महत्वपूर्ण अपील यह रही कि कुर्बानी से जुड़े किसी भी तरह के वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर साझा न किए जाएं, ताकि सामाजिक सौहार्द और संवेदनशीलता बनी रहे।

भोपाल में अलग अलग स्थानों पर नमाज का समय तय

भोपाल में विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के लिए समय पहले से निर्धारित किया गया था।

ईदगाह में सुबह 6:30 बजे
जामा मस्जिद में सुबह 6:45 बजे
ताजुल मसाजिद में सुबह 7:00 बजे
मोती मस्जिद में सुबह 7:15 बजे
हबीबगंज मस्जिद में सुबह 7:45 बजे
आरिफ नगर में सुबह 7:30 बजे
मस्जिद ख्वानी में सुबह 8:30 बजे

इन सभी स्थानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर, नगर निगम की टीम तैनात

प्रशासन ने त्योहार के बाद साफ सफाई को लेकर भी विशेष तैयारी की है। कुर्बानी के बाद अवशेषों के निपटान के लिए नगर निगम की टीमों को सक्रिय किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि अवशेषों को सड़कों पर न छोड़ा जाए और निर्धारित व्यवस्था के तहत ही उनका निपटान किया जाए।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नगर निगम टीम के साथ सहयोग करें ताकि शहर में स्वच्छता और व्यवस्था बनी रहे और त्योहार का माहौल शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहे।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button