रायपुर संभाग

रायपुर में सराफा कारोारी की मौत से सनसनी, एक साल में उजड़ गया पूरा परिवार

खबर को शेयर करें

 रायपुर :  पुरानी बस्ती इलाके से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जुड़ा माना जा रहा है।

बेटे की मौत, फिर पत्नी का सुसाइड और अब कारोबारी ने भी दे दी जान

जानकारी के मुताबिक प्रवाल सोनी पुरानी बस्ती क्षेत्र में ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े थे। करीब 18 साल पहले उनकी शादी तखतपुर निवासी सोना सोनी से हुई थी। परिवार में दो बेटे थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में लगातार हुई घटनाओं ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि पिछले साल उनके छोटे बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितियों को लेकर कई सवाल भी उठे थे।

पत्नी की मौत ने बढ़ा दिए थे कई सवाल

बेटे की मौत के कुछ ही दिन बाद पत्नी सोना सोनी का शव घर के ऊपरी हिस्से में बने स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला था। उस घटना ने भी इलाके में काफी चर्चा बटोरी थी।

मायके पक्ष ने उस समय पति पर शराब पीकर विवाद और मारपीट करने के आरोप लगाए थे। साथ ही कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों को लेकर भी शंका जताई गई थी। हालांकि पुलिस जांच आत्महत्या के एंगल पर ही आगे बढ़ी थी।

सुसाइड नोट में लिखा था- ‘मैं छोटू के पास जा रही हूं’

पत्नी की मौत के बाद पुलिस को एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला था। उसमें लिखा था, ‘मैं छोटू के पास जा रही हूं…’। साथ ही बड़े बेटे को मामा के पास रखने की बात भी लिखी गई थी। पुलिस ने उस समय हैंडराइटिंग जांच की प्रक्रिया शुरू की थी।

अब प्रवाल सोनी की मौत से फिर उठे पुराने सवाल

पत्नी और बेटे को खोने के बाद प्रवाल सोनी लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार वह गहरे अवसाद और अकेलेपन से गुजर रहे थे। अब उनकी आत्महत्या के बाद परिवार से जुड़ी पुरानी घटनाएं फिर चर्चा में आ गई हैं।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button