रायगढ़ संभाग

रायगढ़ में “ऑपरेशन आघात” में 919 लीटर अवैध शराब बरामद, 36 गिरफ्तार

खबर को शेयर करें

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ तीन दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। रविवार 22 मार्च को अभियान के दूसरे दिन जिलेभर में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 35 आबकारी प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान 898 लीटर महुआ शराब और कुल 919 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जबकि 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। जप्त शराब की कुल कीमत लगभग 1.23 लाख रुपए बताई गई है।

अभियान की सबसे बड़ी कार्रवाई छाल थाना क्षेत्र में हुई। ग्राम बेहरामार में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण का पूरा सेटअप ध्वस्त किया और 530 लीटर महुआ शराब के साथ करीब 1000 किलो महुआ पास नष्ट किया। आरोपी जयपाल राठिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा फरार है।

चक्रधरनगर, पुसौर, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, भूपदेवपुर, खरसिया और तमनार थानों में भी अलग-अलग रेड कर 81 लीटर से अधिक महुआ और देशी शराब जब्त की गई। कई मामलों में आरोपी शराब बेचने या परिवहन के दौरान पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया, “अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। ऐसे अवैध कारोबारियों को कोई बख्शा नहीं जाएगा।”

रायगढ़ अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई जारी है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अवैध शराब कारोबार को रोकने में मदद मिले।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button