देश दुनिया

इंदौर-दिल्ली एयर ट्रैवल पर बड़ा असर, 1 जून से एयर इंडिया बंद करेगी 4 फ्लाइट्स

खबर को शेयर करें

 इंदौर :  दिल्ली आने-जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। Air India ने 1 जून से इस रूट पर संचालित होने वाली अपनी चार उड़ानों को बंद करने का फैसला लिया है। इससे दोनों शहरों के बीच नियमित सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल एयर इंडिया इस रूट पर रोजाना 8 फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही थी, लेकिन अब इनमें से आधी सेवाएं बंद हो जाएंगी।

ये 4 फ्लाइट्स होंगी बंद

दिल्ली से इंदौर आने वाली उड़ानें:

  • AI 1725 : सुबह 5:40 बजे दिल्ली से उड़ान, 7:15 बजे इंदौर पहुंचती थी
  • AI 2515 : दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान, 1:45 बजे इंदौर पहुंचती थी

इंदौर से दिल्ली जाने वाली उड़ानें:

  • AI 2591 : सुबह 9:40 बजे इंदौर से उड़ान, 11:15 बजे दिल्ली पहुंचती थी
  • AI 2516 : दोपहर 12:15 बजे इंदौर से उड़ान, 1:55 बजे दिल्ली पहुंचती थी

यात्रियों को मिलेगा दूसरी फ्लाइट या रिफंड का विकल्प

एयरलाइन कंपनी ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की बात कही है। यात्रियों को दूसरी उपलब्ध फ्लाइट में शिफ्ट करने या टिकट रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है।

चार उड़ानें बंद होने के बावजूद इस रूट पर एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और IndiGo की अन्य फ्लाइट्स उपलब्ध रहेंगी।

क्या बढ़ती लागत बनी वजह?

हालांकि एयर इंडिया की ओर से उड़ानें बंद करने के पीछे आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन एविएशन सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञ इसे ऑपरेशनल री-अलाइनमेंट और विमानों की उपलब्धता से जोड़कर देख रहे हैं।

इसके अलावा एविएशन इंडस्ट्री में बढ़ती ईंधन लागत भी एयरलाइंस कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। फ्यूल महंगा होने से टिकट दरों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर यात्रियों की संख्या पर भी देखने को मिल रहा है।

पहले भी कई शहरों की उड़ानें हो चुकी हैं बंद

समर शेड्यूल लागू होने के बाद कई अन्य रूट्स पर भी उड़ानों में कटौती की गई है। 29 मार्च से IndiGo ने नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू के लिए सीधी उड़ान सेवाएं बंद कर दी थीं।

वहीं पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बाद शारजाह की फ्लाइट भी बंद चल रही है। इसके अलावा Star Air पहले ही गोंदिया और मुंबई रूट की उड़ानें बंद कर चुकी है।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button