CHHATTISGARH

कलेक्टर की सख्ती: स्वास्थ्य में लापरवाही पर कार्रवाई, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

खबर को शेयर करें

Kondagaon Collector Review : बैठक में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव-पूर्व और प्रसव-पश्चात नियमित निगरानी पर जोर दिया और कहा कि उच्च जोखिम (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं की देखभाल में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र शामपुर में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की। संबंधित आरएचओ को तीन माह का अवैतनिक अवकाश दिया गया, वहीं सीएचओ की सेवा समाप्त कर दी गई। यह कार्रवाई जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।

Kondagaon Collector Review बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम और आकांक्षी जिला कार्यक्रम के सभी इंडिकेटर्स की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने इंडिकेटर्स में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा में पूर्ण कराने के आदेश दिए।

इसे भी पढ़े...  CG News: बस्‍तर में बंद पड़ी रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट सेवा, यात्रियों हो रहे परेशान, जल्द शुरू करने की कवायद तेज

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित अन्य प्रमुख शासकीय योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button