CHHATTISGARH

पति की मौत के बाद महिला से देवरों ने किया दुष्कर्म, दो अलग-अलग मामले दर्ज

खबर को शेयर करें

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पति के निधन के बाद अकेलेपन का उठाया फायदा

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़िता के पति का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अकेले जीवनयापन कर रही थी। महिला का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता ने बताया कि वह पहले भी न्याय और कानूनी कार्रवाई के लिए प्रयास करती रही, लेकिन विभिन्न कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ पाया।

एक वर्ष तक नहीं हो पाया संपर्क

गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि महिला ने पूर्व में एक आवेदन दिया था, लेकिन उसके बाद वह लगभग एक वर्ष के लिए अन्य स्थान पर चली गई थी। शिकायत के दौरान उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर भी बंद या गलत मिल रहा था, जिससे पुलिस संपर्क नहीं कर सकी।उन्होंने बताया कि महिला के वापस आने और उपलब्ध होने के बाद तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में अपराध दर्ज किया गया है।

दो अलग-अलग आरोपियों पर दर्ज हुए पृथक प्रकरण

पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत में दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, स्थान और परिस्थितियों में हुई थीं। इसी वजह से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button