मध्यप्रदेश

मुरैना के निजी अस्पताल में महिला की मौत से हड़कंप! ब्लड चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

खबर को शेयर करें

 मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक निजी अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतका के परिवार ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

शादी में आई थी महिला, अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार पहाड़गढ़ क्षेत्र के मरा गांव निवासी छोटू आदिवासी की पत्नी विकेश अपने साले की शादी में शामिल होने 7 मई को आई थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।

परिजनों का कहना है कि जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला के शरीर में खून की कमी बताई, जिसके बाद उन्हें मुरैना के पार्वती नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

ब्लड चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत

परिवार के मुताबिक अस्पताल में महिला को ब्लड चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे अचानक उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।

परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने के कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई।

मौत के बाद जिला अस्पताल रेफर करने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को संभालने के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इसको लेकर अस्पताल के बाहर काफी देर तक तनाव और हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। परिवार के लोगों ने डॉक्टरों की लापरवाही को मौत की बड़ी वजह बताया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पहाड़गढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पतालों की व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और इलाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों के इलाज में लापरवाही के मामलों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button