CHHATTISGARHरायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा फैसला: अस्पतालों में संलग्न कर्मचारियों की व्यवस्था खत्म

खबर को शेयर करें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारियों की संलग्न व्यवस्था खत्म करने का फैसला लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधानसभा में घोषणा की कि जिला अस्पतालों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में कर्मचारियों की अन्यत्र संलग्नता समाप्त की जाएगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह घोषणा विधायक प्रबोध मिंज द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में की। विधायक ने सरगुजा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत पदों और वर्तमान में पदस्थ कर्मचारियों की जानकारी विधानसभा वार उपलब्ध कराने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि कौन-कौन से कर्मचारी कब से और किस स्थान पर अन्यत्र संलग्न हैं।

इसके अलावा विधायक ने स्वास्थ्य विभाग से यह भी जानना चाहा कि रिक्त पदों की पूर्ति कब तक की जाएगी और इन पदों पर नए कर्मचारियों की नियुक्ति या पदस्थापना कब तक संभव है। उन्होंने सरगुजा जिले में भवनविहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी भी विधानसभा क्षेत्रवार मांगी।

इस पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की संलग्न व्यवस्था खत्म करने से स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि अस्पतालों में स्वीकृत पदों के अनुसार कर्मचारियों की नियमित पदस्थापना सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि रिक्त पदों की पूर्ति और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भवन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button