CHHATTISGARHरायपुर संभाग

सावधान : सिर्फ एक ‘क्लिक’ और बुजुर्ग के खाते से उड़े 4 लाख, कहीं अगला नंबर आपका तो नहीं?

खबर को शेयर करें

रायपुर। रायपुर साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डीडी नगर (दीनदयाल उपाध्याय नगर) इलाके में साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड बुजुर्ग को निशाना बनाकर करीब 4 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने फिशिंग मैसेज भेजकर पीड़ित के बैंक खाते में सेंध लगाई और तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 3,94,000 रुपए निकाल लिए।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित विष्णु दत्त बघेल कंचन गंगा फेस-2 के निवासी हैं और रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके मोबाइल पर लगातार संदिग्ध मैसेज आए, जिनमें एक लिंक भेजा गया था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन शुरू कर दिया।

ठगों ने इतनी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया कि पीड़ित को तुरंत इसकी भनक नहीं लगी। बाद में जब उन्होंने करीब पांच महीने बाद अपने बैंक खाते की जांच की, तब इस बड़े फ्रॉड का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

रायपुर साइबर ठगी के इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साइबर टीम के साथ मिलकर डिजिटल साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही संदिग्ध मैसेज या कॉल मिलने पर तुरंत सतर्क रहें और बैंक को सूचित करें। यही सावधानी इस तरह की साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button