CHHATTISGARHरायपुर संभाग

कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होगा अपग्रेड : सीएम साय ने की 100 बेड वाले अस्पताल में उन्नयन की घोषणा

खबर को शेयर करें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड मुख्यालय में कलार समाज द्वारा आयोजित भगवान सहस्त्रबाहु जयंती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, भगवान सहस्त्रबाहु ने धर्मपरायण राज्य की स्थापना कर लोक कल्याणकारी रास्ता दिखाया। हमारी सरकार भी इन्हीं कल्याणकारी रास्तों पर आगे बढ़ रही है और छत्तीसगढ़ के लोगों की भलाई, सुख- समृद्धि के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर कटघोरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड वाले अस्पताल में उन्नयन करने का घोषणा की। उन्होंने कटघोरा अम्बिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में चकचकवा पहाड़ के पास स्थित चौक को भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर रखने के साथ ही कटघोरा विश्राम गृह के उन्नयन की घोषणा की।

कलार समाज को समृद्ध और शिक्षित : साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कलार समाज को समृद्ध और शिक्षित समाज बताते हुए कहा कि, आज समाज के युवा उच्च पदों पर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प रखा है। छत्तीसगढ़ भी इस विकसित भारत के मुहिम में शामिल होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में प्रदेश के अन्य समाजों के योगदान के साथ-साथ कलार समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर युवक- युवती परिचय सम्मेलन आयोजन के लिए भी समाज प्रमुखों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, इससे आज अनेक परिवार आपस में मिलेंगे एवं नए सम्बंध की शुरुआत करेंगे। साथ ही कार्यक्रम स्थल में पुरस्कृत होने वाले समाज के उत्कृष्ट छात्र- छात्राओं को भी बधाई देते हुए भविष्य में समाज के विकास में अपना अमूल्य योगदान देने प्रोत्साहित किया।

इसे भी पढ़े...  सेंदरी मानसिक अस्पताल में भर्ती मरीज ने की आत्महत्या, सुरक्षा पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ के विकास में कलचुरियों का बड़ा योगदान : जायसवाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के विकास में कलचुरियों का बड़ा योगदान है। यहाँ के शिलालेखों और अन्य पुरातात्विक धरोहरों में कल्चुरी राजाओं के महत्वपूर्ण योगदान का पता चलता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल विहारी बाजपेई ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। अब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह राज्य विकास की ओर अग्रसर है।

इनकी भी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष श्री रतन मित्तल, समाज के अध्यक्ष श्री रामगोपाल डिक्सेना, पूर्व विधायक श्री विनय जायसवाल, श्री विकास महतो, श्री राजीव सिंह सहित समाज के पदाधिकारी एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Back to top button