CHHATTISGARH

रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बोले- केंद्र और राज्यों के सहयोग से बस्तर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार

खबर को शेयर करें

रायपुर। बस्तर में आयोजित 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार शाम राजधानी रायपुर लौटे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए बैठक को बेहद महत्वपूर्ण और सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

चार राज्यों के मुख्यमंत्री एक मंच पर, विकास और सुरक्षा पर मंथन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य टीम भावना के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्यों के बीच मजबूत तालमेल बनाना था।

उन्होंने कहा कि परिषद की बैठक में विकास, सुरक्षा, सामाजिक समन्वय और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

भूपेश सरकार पर सीएम साय का बड़ा हमला

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूर्ववर्ती भूपेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार के साथ अपेक्षित सहयोग नहीं किया।

साय ने कहा कि केंद्र सरकार पहले से ही नक्सलवाद के खात्मे के लिए गंभीर थी, लेकिन उस समय राज्य सरकार का पूरा सहयोग नहीं मिल पाया। अब केंद्र और राज्य मिलकर तेजी से काम कर रहे हैं, जिसका असर बस्तर में दिखाई देने लगा है।

अब सुरक्षा कैंप बनेंगे ‘सेवाडेरा’

बस्तर में सुरक्षा कैंपों को ‘सेवाडेरा’ के रूप में विकसित करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 200 सुरक्षा कैंपों में से 70 कैंपों में सेवाडेरा शुरू किए जाएंगे। इसकी शुरुआत आज एक कैंप से कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि इन सेवाडेरा केंद्रों के जरिए स्थानीय लोगों को रोजगार, सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य बस्तर में सुरक्षा के साथ-साथ विकास और विश्वास का माहौल तैयार करना है।

बस्तर में विकास मॉडल को मजबूत करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि आने वाले समय में बस्तर में केवल सुरक्षा व्यवस्था ही नहीं, बल्कि रोजगार, सामाजिक विकास और बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। सरकार सेवाडेरा मॉडल को बस्तर के लिए नए विकास मॉडल के रूप में देख रही है।

TNA DESK

TNA DESK में अनुभवी पत्रकारों की टीम है जो देश दुनिया की तमाम खबरों पर पैनी नज़र बनाए रखती है और पाठकों के सामने विश्वसनीयता के साथ हर खबरों का हर पल अपडेट देती है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button